मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट : इन जिलों में 29 जुलाई को स्कूल बंद..

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून द्वारा 29 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर उत्तराखंड के बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल और चम्पावत जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बुधवार, 29 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना जताई है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

बागेश्वर की जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने जारी आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

टिहरी गढ़वाल में भी जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित प्रधानाचार्य अथवा प्रबंधक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं चम्पावत में भी 29 जुलाई को सभी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री धामी के प्रस्ताव पर देहरादून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को मुंबई तक विस्तारित किए जाने का रेल मंत्री ने दिया आश्वासन

Wed Jul 29 , 2026
देहरादून : उत्तराखंड में रेल सेवाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को बड़ी सफलता मिल रही है। उत्तराखंड सरकार द्वारा देहरादून को देश के अन्य प्रमुख शहरों से रेल सेवाओं के विस्तार तथा जनसुविधा से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!