पौड़ी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

पौड़ी : हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने तथा जन-जन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पौड़ी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी। हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के उत्साह से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का वातावरण गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ डीएवी इंटर कॉलेज से हुआ। यहां से यात्रा माल रोड, बस स्टेशन होते हुए धारा रोड पहुंची और इसके बाद रामलीला मैदान पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लिए अनुशासन के साथ आगे बढ़ रहे विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंजते रहे। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी से तिरंगा यात्रा का स्वरूप भव्य एवं आकर्षक नजर आया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें देश का गौरव, त्याग, संघर्ष और वीरता की भावना समाहित है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करे। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधने के साथ ही युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।

वहीं हर घर तिरंगा अभियान के तहत विकासखंड पाबौ में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने और घर-घर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, खेल समन्वयक योगम्बर नेगी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मजदूर संगठनों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

Mon Aug 10 , 2026
-डाकघर से डीएम कार्यालय तक निकाला जुलूस, श्रमिक हितों की अनदेखी का आरोप गोपेश्वर (चमोली)। श्रमिक हितों और विभिन्न मांगों को लेकर सीटू और किसान सभा के बैनर तले विभिन्न मजदूर संगठनों ने सोमवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। डाकघर गोपेश्वर से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!