केदारनाथ हेली सेवा के दूसरे चरण की बुकिंग शुरू, पहले दिन 55 फीसदी टिकट बुक

देहरादून। केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेली सेवा के दूसरे चरण की ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। बुकिंग के पहले दिन देर शाम तक करीब 55 प्रतिशत टिकट बुक हो चुके थे। ऑनलाइन बुकिंग देर रात तक जारी रही। अधिकारियों का कहना है कि शेष टिकट भी जल्द बुक होने की उम्मीद है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं के दूसरे चरण में 15 दिनों की यात्रा अवधि के लिए टिकट बुकिंग शुरू की है। इस चरण में 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए कुल 9,000 टिकट ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से पहले दिन देर शाम तक करीब 5,000 टिकट बुक हो चुके थे।

हालांकि, इस बार टिकट बुकिंग को लेकर पहले जैसी तेजी देखने को नहीं मिली। पिछले चरणों में ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों में अधिकांश टिकट बुक हो जाते थे। इसके मुकाबले दूसरे चरण में पहले दिन देर शाम तक करीब 55 प्रतिशत टिकट ही बुक हुए। अधिकारियों का अनुमान है कि शेष टिकट भी देर रात या मंगलवार तक बुक हो सकते हैं।

हेलीपैड पर भी उपलब्ध होंगे टिकट

यात्रियों की सुविधा के लिए इस वर्ष हेलीपैड पर भी टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए काउंटर लगाए जा रहे हैं, जहां निर्धारित संख्या में टिकट ओवर द काउंटर उपलब्ध होंगे। पहले चरण में भी यात्रियों को यह सुविधा दी गई थी। यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि कुल टिकटों में से 10 प्रतिशत टिकट ओवर द काउंटर बुकिंग के लिए रखे गए हैं। इसका उद्देश्य ऐसी स्थिति में यात्रियों को सुविधा देना है, जब ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद टिकट की आवश्यकता हो। उन्होंने बताया कि हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ जाने वाले यात्रियों की सुविधा और टिकटों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन के साथ-साथ हेलीपैड स्तर पर भी व्यवस्था की गई है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

लोकगीतों और जागरों से बेटी को कैलाश विदा कर रहे ग्रामीण

Wed Sep 9 , 2026
12 साल बाद पहाड़ के सूने गांवों में लौटी रौनक गोपेश्वर (चमोली)। 12 साल बाद आयोजित हो रही मां नंदा की बड़ी जात यात्रा धीरे-धीरे अपने अगले पड़ावों की ओर बढ़ रही है। बंड, बधाण और दशोली क्षेत्र की नंदा डोलियां विभिन्न पड़ावों पर पहुंच गई हैं। हर पड़ाव पर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!