मेले केवल मनोरंजन नहीं, हमारी संस्कृति और आर्थिकी के सशक्त स्त्रोत – सौरभ बहुगुणा

  • निराश्रित पशुओं के संरक्षण के लिए जामक, बगोरी और फोल्ड में बनाए जाएंगे आश्रय स्थल
  • संस्कृति को बचाने और बढ़ाने में मेले, कलाकारों और लोकगायकों का अहम योगदान : कैबिनेट मंत्री

उत्तरकाशी : डुंडा में आयोजित माँ रेणुका विकास मेले के दूसरे दिन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर कमेटी एवं समस्त ग्रामीणों को मेले के भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन संस्कृति की बढ़ाने, परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि मेले केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति को बचाने और आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण स्त्रोत हैं। हमारे लोकगायक एवं लोक कलाकार पीढ़ियों से अपनी कला के माध्यम से संस्कृति को संरक्षित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कलाकारों का योगदान अमूल्य है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेले स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प, कृषि एवं पशुपालन से जुड़े उत्पादों के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध कराते हैं। इससे क्षेत्र की आर्थिकी को सीधा लाभ मिलता है और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि मा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया “वोकल फॉर लोकल” का मंत्र ऐसे आयोजनों से और अधिक प्रेरित होता है, क्योंकि यह स्थानीय उत्पादों और कौशल को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के साथ किए गए करार से दूरस्थ क्षेत्रों की आर्थिकी को मजबूती मिली है। इस पहल के अंतर्गत अब तक उत्तरकाशी जनपद में 2.5 करोड़ रुपये से अधिक के भेड़-बकरी, पोल्ट्री उत्पाद एवं ट्राउट मछली की आपूर्ति की जा चुकी है, जिससे लगभग 400 परिवारों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है। यह करार सीमांत क्षेत्रों के उत्पादकों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन, बकरी पालन एवं पशुपालन के क्षेत्र में हमारी मातृशक्ति का विशेष योगदान है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि निराश्रित पशुओं के संरक्षण के लिये जामक, बगोडी और फोल्ड में 100–100 पशुओं की क्षमता वाले तीन आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गौ माता को हमारी संस्कृति में माता का दर्जा प्राप्त है और उनका संरक्षण करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा क्षेत्र की विभिन्न प्रतिभाओ संदीप गुसाईं और सचिन कुमार आदि को सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, चिन्यालीसौड़ रणवीर सिंह महंत, भटवाड़ी ममता पंवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत, जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह बिष्ट,पवन नौटियाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, उपजिलाधिकारी डुंडा देवानंद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!