सालिम अली- बर्डमैन ऑफ इंडिया, प्राकृतिक इतिहास के अमर साधक

  • डॉ. मोहन कुकरेती
 
देहरादून : जब भी भारत में पक्षी विज्ञान (Ornithology) और प्राकृतिक इतिहास का जिक्र होता है, तो एक नाम सबसे ऊपर आता है, भारत के सबसे प्रसिद्ध पक्षी-विज्ञानी डॉ. सालिम मोइजुद्दीन अब्दुल अली, जिनकी 12 नवंबर को 130वीं जयंती थी। उनका जन्म मुंबई में 12 नवंबर 1896 हुआ था। देश उन्हें “बर्डमैन ऑफ इंडिया” के नाम से याद करता है। उन्होंने पक्षी-अध्ययन को शौक से आगे बढ़ाकर पक्षी विज्ञान का दर्जा दिलाया।
 
एक गौरैया ने बदल दी ज़िंदगी
जब सालिम दस वर्ष के थे, तब उनके मामा ने उन्हें एक एयर-गन भेंट की। एक दिन उन्होंने एक गौरैया मार गिराई, जिसके गले के नीचे पीली धारी थी। मामा ने उन्हें पहचान के लिए बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (BNHS) भेजा। वहाँ के मानद सचिव डब्ल्यू. एस. मिलार्ड ने उसे पीले गले की गौरैया बताया और सोसाइटी का भरा-पूरा संग्रह भी दिखाया। इसी एक घटना से पक्षियों के प्रति उनका जीवन भर का लगाव शुरू हुआ।
 
संघर्ष के शुरुआती साल
विडंबना यह है कि भविष्य के इस महान वैज्ञानिक को करियर की शुरुआत में कई साल बेरोज़गारी और तंगी झेलनी पड़ी। 1919 में प्राकृतिक इतिहास से जुड़ी कोई नौकरी थी ही नहीं, इसलिए वे पत्नी तहमीना के साथ बर्मा (वर्तमान म्यांमार) चले गए और परिवार का खनन व लकड़ी का कारोबार सँभाला। लौटने पर उन्होंने जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया में पक्षी-विज्ञानी की नौकरी चाही, लेकिन बी.एससी. के बाद पढ़ाई छोड़ देने और एम.एससी. या पीएच.डी. न होने के कारण पद किसी और को मिल गया।
 
इसके बाद उन्हें मुंबई के प्रिंस ऑफ वेल्स म्यूज़ियम के नए प्राकृतिक इतिहास विभाग में गाइड-लेक्चरर का काम मिला। उन्हें समझ आ गया कि पक्षी-विज्ञान को पेशा बनाना है तो आगे पढ़ना होगा। वे अध्ययन-अवकाश लेकर जर्मनी गए और प्रोफ़ेसर इरविन स्ट्रैज़मान से प्रशिक्षण लिया, जिन्हें वे अपना गुरु मानते थे।
 
देश भर में सर्वेक्षण
जर्मनी से लौटने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। तब उन्हें एक नया रास्ता सूझा। देश के बड़े हिस्से, खासकर रियासतें, पक्षियों के लिहाज़ से लगभग अनछुए थे। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि वे BNHS के लिए इन इलाकों में पक्षी-सर्वेक्षण मुफ़्त करेंगे, बशर्ते सोसाइटी और रियासतें डेरे और यात्रा का खर्च उठाएँ। रियासतें अपने पक्षियों को दर्ज कराने के लिए तुरंत राज़ी हो गईं। इसके बाद करीब दो दशकों तक वे घुमंतू जीवन जीते हुए पूरे उपमहाद्वीप में पक्षियों का अध्ययन करते रहे। हालात कठिन थे, पर उनके लिए वे साल करियर के सबसे अच्छे दिन थे। इन्हीं यात्राओं ने उन्हें देश के कोने-कोने तक पहुँचने वाले दुर्लभ भारतीयों में शामिल कर दिया। हैदराबाद, कच्छ, त्रावणकोर-कोचीन और हिमालयी क्षेत्र जैसे इलाके उनके सर्वेक्षणों में शामिल रहे, और बया पक्षी के घोंसलों व प्रजनन पर उनका अध्ययन खास तौर पर चर्चित रहा।
 
रिप्ले के साथ ऐतिहासिक “हैंडबुक”
सालिम अली का सबसे बड़ा वैज्ञानिक योगदान अमेरिकी पक्षी-विज्ञानी एस. डिलन रिप्ले के साथ तैयार हैंडबुक ऑफ द बर्डस ऑफ इंडिया एंड पाकिस्तान है। यह 10 खंडों की शृंखला लगभग 1968 से 1974 के बीच छपी। इसमें उपमहाद्वीप के पक्षियों की पहचान, वितरण, आवास, व्यवहार, प्रजनन और प्रवास का विस्तृत ब्योरा है। इसे आज भी इस क्षेत्र का सबसे प्रामाणिक संदर्भ-ग्रंथ माना जाता है। इसे ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने प्रकाशित किया था।
 
लेखन से घर-घर पहुँचा पक्षी-विज्ञान
भारत में पक्षियों के अध्ययन को लोकप्रिय बनाने में सालिम अली से ज़्यादा योगदान किसी एक व्यक्ति का नहीं रहा। उन्होंने कई शोध-पत्र, लोकप्रिय व अकादमिक पुस्तकें और फ़ील्ड गाइड लिखीं। उनकी द बुक ऑफ इंडियन बर्ड्स (1941) आज भी नए पक्षी-विज्ञानियों के लिए “बाइबिल” जैसी मानी जाती है। 1985 में प्रकाशित आत्मकथा द फॉल ऑफ ए स्पैरो में उन्होंने लिखा कि उनका मुख्य झुकाव हमेशा “प्राकृतिक परिवेश में जीवित पक्षियों को देखने और उनके अध्ययन की ओर रहा।
 
संरक्षण और सम्मान
स्वतंत्रता के पश्चात सालिम अली ने बॉम्बे नैचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (BNHS) का नेतृत्व किया। दशकों तक उनके कुशल मार्गदर्शन ने इस संस्था को भारत के अग्रणी प्रकृति संरक्षण एवं अनुसंधान संगठनों में से एक के रूप में स्थापित करने में अद्वितीय योगदान दिया। सालिम अली की समझ और अनुभव का सम्मान इतना था कि 1985 में उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। उनके समय पर हस्तक्षेप से राजस्थान का भरतपुर स्थित केवलादेव घना पक्षी अभयारण्य और केरल की साइलेंट वैली बच सकी।
 
उन्हें जे. पॉल गेटी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार, “गोल्डन आर्क” सम्मान, ब्रिटिश ऑर्निथोलॉजिस्ट्स यूनियन का स्वर्ण पदक (जो गैर-ब्रिटिश व्यक्ति के लिए दुर्लभ है), तीन मानद डॉक्टरेट और भारत सरकार के पद्म सम्मान मिले। 1987 में उनका निधन हुआ। कोयंबटूर का सालिम अली पक्षी विज्ञान एवं प्राकृतिक इतिहास केंद्र (SACON) उनकी स्मृति में बना है।
 
आज की प्रासंगिकता
इतनी शोहरत और सम्मान के बावजूद सालिम अली अंत तक वही रहे जो दस साल की उम्र में थेः पक्षियों के प्रति जिज्ञासु और जुनूनी। जलवायु परिवर्तन और घटते आवासों के इस दौर में उनकी सीख और भी ज़रूरी है कि पक्षी प्रकृति की सेहत के सबसे संवेदनशील संकेतक हैं। उनकी विरासत आज भी भारत के पक्षी-सर्वेक्षण, वन्यजीव अनुसंधान, पक्षी-अभयारण्यों और पर्यावरण शिक्षा में दिखाई देती है। उनके कार्य ने यह सिद्ध किया कि वैज्ञानिक अनुशासन, जन-जागरूकता और संरक्षण का संयुक्त प्रयास ही प्रकृति को सुरक्षित रखने का प्रभावी मार्ग है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में सियासी संग्राम, विधायक हरीश धामी ने सीएम धामी पर साधा निशाना

Sat Nov 14 , 2026
जौलजीबी (पिथौरागढ़)। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के पहले ही दिन राजनीतिक माहौल गरमा गया। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उनके संबोधन के दौरान उस समय विवाद और बढ़ गया, […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!