आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की रीढ़ – रेखा आर्या

  • चमोली के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा आंगन का मिलन
  • लाभार्थियों को योजनाओं और पोषण सेवाओं की मिलेगी जानकारी

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और तमाम चुनौतियों के बावजूद वे महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सोमवार को कर्णप्रयाग ब्लॉक सभागार में मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित आंगन का मिलन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। वर्तमान में चल रहे पोषण माह को देखते हुए बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण एवं बाल विकास सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाए।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से महिला, बच्चे और परिवार सीधे विभागीय सेवाओं से जुड़ते हैं। अधिकारियों ने बताया कि चमोली के सभी नौ विकासखंडों के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लाभार्थियों को पोषण, बाल विकास और महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मार्गदर्शन और सहयोग भी दिया जाएगा।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, नगर उपाध्यक्ष राकेश खंडूरी, भाजपा महामंत्री अरूण मैठाणी व विनोद कनवासी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवि गर्ग और खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी समेत अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सफाई वाहनों को दिखाई हरी झंडी

मंत्री ने कर्णप्रयाग नगर पालिका में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नए वाहनों से नगर में नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को गति मिलेगी। स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

20 फरियादें पहुंचीं डीएम के दरबार, अफसरों को तुरंत समाधान के आदेश

Tue Sep 22 , 2026
पेयजल से आवास और रोजगार तक उठे सवाल, डीएम ने जांच के साथ शिकायतकर्ता को कार्रवाई बताने के भी दिए निर्देश गोपेश्वर (चमोली)। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने 20 शिकायतें और समस्याएं जिलाधिकारी गौरव कुमार के सामने रखीं। […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!