भूमि बचाओ अभियान पर भाजपा का पलटवार, कांग्रेस से पूछे 20 सवाल

  • हरक सिंह नेगी बोले नैनीसार से सिडकुल तक अपने शासनकाल के भूमि आवंटन का हिसाब दे कांग्रेस 
  • धामी सरकार ने 13 हजार एकड़ जमीन कराई कब्जामुक्त

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड में कांग्रेस के भूमि बचाओ अभियान पर भाजपा ने पलटवार किया है। दर्जाधारी राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में हुए भूमि आवंटन और कथित अनियमितताओं को लेकर 20 सवाल उठाए। उन्होंने अभियान को राजनीतिक दिखावा बताते हुए कहा कि भूमि संरक्षण की बात करने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल के विवादित फैसलों का हिसाब जनता को देना चाहिए।

नेगी ने नैनीसार, धौलास, टाटा मोटर्स-सिडकुल भूमि आवंटन, नदी तटवर्ती क्षेत्रों की जमीन, एसडीएम-74 प्रकरण और सिडकुल में कथित 500 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में नैनीसार की 7.061 हेक्टेयर पंचायत भूमि महज 1,200 रुपये सालाना किराये पर 30 वर्ष के लिए लीज पर दी गई थी। इसके विरोध में 381 लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। उन्होंने सवाल उठाया कि ग्रामीणों के विरोध के बावजूद भूमि आवंटित करने वाली कांग्रेस आज किस आधार पर भूमि बचाने की बात कर रही है।

धौलास प्रकरण का उल्लेख करते हुए नेगी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान के नाम पर करीब 20 एकड़ जमीन खरीदने की अनुमति दी गई थी, लेकिन फरवरी 2026 की प्रशासनिक जांच में जमीन 15 लोगों को बेचे जाने और छोटे भूखंडों में बांटकर करीब 80 खरीदारों तक पहुंचाने का मामला सामने आया। भाजपा ने वर्ष 2006 में पंतनगर में टाटा मोटर्स को 975.44 एकड़ जमीन 125 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से आवंटित किए जाने पर भी सवाल उठाए।

नेगी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। उन्होंने सात हजार बीघा जमीन बेचने के कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि इस संबंध में केवल तीन बोलियां प्राप्त हुई हैं और किसी को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर औद्योगिक और पर्यटन परियोजनाओं का विरोध कर स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित करने का आरोप लगाया। पार्टी ने वर्ष 2025 के पर्यटन आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में 6.03 करोड़ यात्रियों का आगमन हुआ, जबकि करीब 1.93 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे। ऐसे में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निवेश जरूरी है।

नेगी ने तेलंगाना में कांग्रेस सरकार की ओर से अदाणी समूह के 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का स्वागत करने और कर्नाटक में एविएशन पार्क के लिए 1,777 एकड़ जमीन अधिग्रहण के प्रस्ताव का उल्लेख कर कांग्रेस की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस को अपने शासनकाल का विकास और रोजगार रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की चुनौती दी।

इस दौरान जिला महामंत्री विनोद कनवासी, महेंद्र सिंह राणा, गोविंद बजवाल, विपिन कंडारी, बद्री रावत, यशप्रताप सिंह, आयुष गौड़, गजेंद्र असवाल, अरविंद कुंवर, महावीर फरस्वाण, प्रशांत बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, सिल्ली-अगस्त्यमुनि-विजयनगर में 5 नमूने भरे, एक्सपायरी जीरा-पापड़ मौके पर नष्ट

Fri Nov 6 , 2026
रुद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में दीपावली पर्व और आगामी त्योहारों के दृष्टिगत चलाए जा रहे जाँच अभियान के तहत आज सिल्ली, अगस्त्यमुनि और विजयनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों, परचून-मिष्ठान और डेयरी के खुदरा एवं थोक व्यापारियों का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन रुद्रप्रयाग के जांच दल द्वारा […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!