देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, 104 सिलेंडर जब्त; दो गिरफ्तार

  • होटल-रेस्टोरेंटों में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर भी शिकंजा, रायवाला थाने में एफआईआर दर्ज; त्योहारों के बीच पूर्ति विभाग का अभियान तेज

देहरादून। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। शनिवार को देहरादून नगर और छिद्दरवाला क्षेत्र में चलाए गए जांच अभियान के दौरान घरेलू गैस के अनधिकृत इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग के मामलों में कार्रवाई की गई। विभागीय कार्रवाई के दौरान छिद्दरवाला में 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि देहरादून नगर के होटल-रेस्टोरेंटों से 10 घरेलू गैस सिलेंडर कब्जे में लिए गए। अवैध रिफिलिंग के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और थाना रायवाला में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

होटल-रेस्टोरेंटों में घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल पकड़ा

जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग की प्रवर्तन टीमों ने देहरादून नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग पाए जाने पर 10 सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में जमा कराया गया है। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल रोकना और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

छिद्दरवाला में अवैध रिफिलिंग के कारोबार पर कार्रवाई

छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का मामला सामने आने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। मामले में मौके पर मिले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाना रायवाला में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया। विभाग अवैध रिफिलिंग और गैस की अनधिकृत बिक्री जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान चला रहा है।

त्योहारों के मद्देनजर बढ़ाई निगरानी

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग और उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल केवल निर्धारित घरेलू प्रयोजनों के लिए किया जाना चाहिए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग, अवैध रिफिलिंग और गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण और जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घरेलू गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

लगातार जारी रहेगा जांच अभियान

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान एसके, एआरओ, रजत नेगी और पूर्ति निरीक्षक नवीन जुयाल सहित विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बच्चों को नशे, साइबर अपराध और लैंगिक शोषण से बचाव के प्रति किया जागरूक

Sun Oct 25 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के राइका देवखाल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, लैंगिक अपराधों से बचाव और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य शांति राणा ने बच्चों को […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!