इगास के रंग में रंगे सूचना महानिदेशक एवं MDDA उपाध्यक्ष IAS बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके

  • गंगोत्री विहार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों पर लगाए ठुमके, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी दिया साथ

देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रति जुड़ाव जब व्यवहार में नजर आता है तो वह समाज के लिए एक खूबसूरत संदेश बन जाता है। ऐसा ही नजारा देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिला। सूचना महानिदेशक एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी इगास के पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए। लोकगीतों की धुन पर उन्होंने जमकर ठुमके लगाए और अपनी सहज सहभागिता से कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदम से कदम मिलाए।

लोकगीतों की धुन पर थिरके बंशीधर तिवारी

दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक पहाड़ी गीतों और लोकधुनों ने समां बांध दिया। जैसे ही लोकगीतों की स्वर लहरियां गूंजीं, बंशीधर तिवारी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। उन्होंने पहाड़ी गीतों पर नृत्य कर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव प्रदर्शित किया। उनकी इस सहज सहभागिता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

रोजगार के लिए कहीं भी जाएं, अपनी जड़ों से जुड़े रहना जरूरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचे हैं, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और पारंपरिक जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व हमारी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। ये पर्व केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हमारी समृद्ध विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम भी हैं।

नई पीढ़ी को विरासत से जोड़ते हैं लोकपर्व

बंशीधर तिवारी ने कहा कि इगास जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ समाज में आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। अपनी संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए जरूरी है कि हम उस पर गर्व करें और उसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी की लोकगीतों पर थिरकती तस्वीरें और सांस्कृतिक सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहीं। उनकी मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति की वास्तविक पहचान तभी कायम रहेगी, जब नई और पुरानी पीढ़ी समान उत्साह से अपनी परंपराओं को अपनाएगी।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!