पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तहसील सभागार पौड़ी में तहसील दिवस आयोजित किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी प्रकरणों को सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का निस्तारण मौके पर किया गया।
तहसील दिवस में सड़क, विद्युत, जल निकासी, वन्यजीवों से सुरक्षा, विद्यालय भवन तथा आवारा पशुओं से संबंधित विषयों पर लोगों ने अपनी बातें रखीं। अपर चोपड़ा मिशन कॉलोनी में घर के नीचे पानी आने से शौचालय प्रभावित होने के संबंध में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने राजस्व उपनिरीक्षक को मौके का निरीक्षण करने तथा नगर पालिका को निरीक्षण के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने च्वींचा मोटर मार्ग के सुधारीकरण के संबंध में लोक निर्माण विभाग को सड़क के गड्ढों की मरम्मत और नालियों का सुधारीकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गांव में विद्युत लाइन को व्यवस्थित करने तथा जंगली सूअरों से सुरक्षा के संबंध में भी वन विभाग को आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने सड़कों के किनारे झाड़ी कटान के संबंध में लोक निर्माण विभाग को फोटो सहित आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
तहसील दिवस में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय केसुंदर गांव की चारदीवारी एवं पुश्ते के सुधारीकरण के संबंध में शिक्षा विभाग को विद्यालय परिसर से जुड़े आवश्यक कार्य कराने को कहा। उन्होंने कोट गांव में आवारा पशुओं एवं कुत्तों से संबंधित विषय पर भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बमटी गांव में बारिश के कारण मकान में आई दरार के संबंध में संबंधित विकासखंड को प्रकरण को आपदा के अंतर्गत लेने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने कहा कि तहसील दिवस आमजन की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्थलीय जांच से जुड़े मामलों में समयबद्ध जांच कर आख्या प्रस्तुत करने तथा जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, खंड विकास अधिकारी कोट अमित बिजल्वाण, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी,मुख्य कृषि अधिकारी रितु कुकरेती, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

