पिथौरागढ़ : टीचर पर लगा स्टूडेंट्स के साथ शराब पीने का आरोप

पिथौरागढ़ : जिले के झूलाघाट क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक के अपने ही चार विद्यार्थियों के साथ शराब पीने का मामला सामने आया है। देर रात तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर चिंतित अभिभावक उनकी तलाश करते हुए एक गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षक और विद्यार्थियों को एक साथ शराब पीते देखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शिक्षक को कोतवाली ले गई। बाद में शिक्षक से माफीनामा लिखवाकर 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

 

जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार को जामिरपानी के पास बोल्डर गिरने से पिथौरागढ़-झूलाघाट सड़क बंद हो गई थी। इसके चलते अटल उत्कृष्ट विद्यालय में तैनात अतिथि शिक्षक अजय सिंह अपने घर रई नहीं लौट सके। झूलाघाट में रुकने के दौरान उन्होंने रात में अपने चार विद्यार्थियों को एक गेस्ट हाउस में बुलाया।

देर रात तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। उनकी तलाश करते हुए अभिभावक गेस्ट हाउस पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। अंदर शिक्षक और चारों विद्यार्थी साथ बैठकर शराब पीते मिले। इसके बाद कुछ जागरूक लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।

 

पुलिस ने शिक्षक को कोतवाली लाकर की पूछताछ

सूचना मिलने पर कोतवाल संजीव कुमार ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। टीम ने मामले की पुष्टि की, जिसके बाद शिक्षक अजय सिंह को कोतवाली ले जाया गया। उन्हें रातभर कोतवाली में रखा गया। अगले दिन सुबह माफीनामा लिखवाने और 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर उन्हें छोड़ दिया गया।

 

घटना से अभिभावकों में नाराजगी

शिक्षक और विद्यार्थियों से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में हैरानी है। उनका कहना है कि शिक्षकों से विद्यार्थियों को अनुशासन, अच्छे आचरण और नशे से दूर रहने की सीख देने की अपेक्षा की जाती है। ऐसे में शिक्षक का अपने ही विद्यार्थियों के साथ शराब पीते पाया जाना चिंता का विषय है। इस घटना के बाद शिक्षक और छात्र के बीच जिम्मेदारी तथा विश्वास के रिश्ते को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

 

शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान

झूलाघाट जीआईसी में अतिथि शिक्षक के विद्यार्थियों के साथ शराब पीने के मामले को शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान में लिया है। पिथौरागढ़ के मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पंत ने कहा कि संबंधित प्रकरण की जानकारी मिली है। शिक्षक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड आ सकते हैं पीएम मोदी, टिहरी और केदारनाथ धाम कर सकते हैं दौरा

Fri Oct 2 , 2026
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक 22 से 25 अक्टूबर के बीच उनके उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है। इस दौरान प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम जाकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकते हैं। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!