पौड़ी में रिक्त ग्राम पंचायत पदों पर उप निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू

पौड़ी : राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त सदस्य एवं ग्राम प्रधान पदों पर उप निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर उप निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है।

उप निर्वाचन का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में रिक्त पड़े जनप्रतिनिधियों के पदों को भरकर स्थानीय स्वशासन व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों के प्रभावी संचालन को बल मिलेगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 30 सितंबर एवं 01 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष संपन्न होगी। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 03 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 04 अक्टूबर 2026 तथा चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया 06 अक्टूबर 2026 को संपन्न होगी। मतदान 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 14 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से संबंधित विकासखंड मुख्यालयों में कराई जाएगी।

उप निर्वाचन की प्रक्रिया जनपद के विभिन्न विकासखण्डों—खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर, पोखड़ा, यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, लैंसडौन, कोट तथा कल्जीखाल क्षेत्र के अंतर्गत रिक्त पदों पर संपन्न कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पात्र मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

56.90 किमी सड़क के गड्ढे भरे, चमोली में तेज हुआ पैचवर्क अभियान

Sat Sep 26 , 2026
15 अक्टूबर तक जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चमोली में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज हो गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशन में लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाएं सड़कों पर पैचवर्क में जुटी […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!