हर विकासखंड में रेडियोलॉजिस्ट, टेक्नीशियन और महिला डॉक्टर होंगे तैनात

श्रीनगर : प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाई-टेक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया तथा अस्पताल परिसर में तीन करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला पार्किंग बनाने की बात भी कही।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण का नि:शुल्क अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत प्रदेश की 1 लाख 22 हजार बेटियों को 90 दिनों के वृहद अभियान में टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 155 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं और यह टीका सरकार द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ने इसे आयुष्मान योजना के बाद बेटियों की सुरक्षा की दिशा में सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया। इस अवसर पर उन्होंने टीकाकरण के लिए पहुंची बालिकाओं को शुभकामनाएं दीं और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। स्थानीय लोगों ने एचपीवी टीकाकरण अभियान और हाई-टेक एंबुलेंस की सौगात के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि बेस चिकित्सालय में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए तीन करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए शीघ्र शासनादेश जारी कर भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में अब तक विधायक निधि से सात एंबुलेंस उपलब्ध करायी जा चुकी हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है। डॉक्टरों, छात्रों और अन्य स्टाफ की आवासीय समस्या के समाधान के लिए डैम कॉलोनी में 400 नाली भूमि पर आवासों का निर्माण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज को लगभग 30 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी जा चुकी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 95 ब्लॉकों में रेडियोलॉजिस्ट और तकनीशियन तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक अस्पताल में एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई जा रही है और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलने से गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही हर ब्लॉक में एक महिला डॉक्टर की नियुक्ति की जाएगी, जिससे महिलाओं को प्रसव एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनीता रावत, डॉ. विमल गुंसाई, डॉ. दीपा हटवाल सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक तथा अस्पताल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सेल्फी लेना पड़ा भारी : खाई में गिरने से युवक की मौत, दोस्तों के साथ घूमने गया था छात्र

Mon Mar 2 , 2026
​गोपेश्वर : चमोली जनपद के गोपेश्वर-घिंघराण मार्ग पर रोली ग्वाड़ के समीप सेल्फी लेने के प्रयास में एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसमें 22 वर्षीय युवक सचिन राणा की जान चली गई। मूल रूप से गुप्तकाशी (रुद्रप्रयाग) का निवासी सचिन रोली ग्वाड़ में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था और […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!